जयपुर। राजधानी की विद्याधर नगर थाना पुलिस ने गैराज पर पिता और उनके दो बेटों पर लाठी-सरियों से जानलेवा हमला करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हमले में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) श्री करण शर्मा ने बताया कि घटना 18 अप्रैल की है। परिवादी अपने गैराज के सामने गाड़ी ठीक कर बैक ले रहा था, तभी एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार वहां आई और उसकी गाड़ी से हल्की टच हो गई। जब परिवादी ने नीचे उतर कर देखा, तो कार सवार व्यक्ति गाली-गलौज करता हुआ चला गया। कुछ ही देर बाद वह व्यक्ति स्विफ्ट कार और बाइकों पर करीब 15-20 बदमाशों को लेकर वापस लौटा और परिवादी व उसके दो बेटों—राहुल सैनी व मनीष सैनी पर लाठी, डंडों और सरियों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में पिता और दोनों बेटों के सिर व पैरों पर गंभीर चोटें आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत और एसीपी सुरेंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान कर अंकित यादव (25) निवासी नारायण विहार जयपुर और अभिषेक यादव (22) निवासी बिंदायका जयपुर को गिरफ्तार किया है।
इस त्वरित खुलासे में थानाधिकारी हिम्मत सिंह के साथ एएसआई देवीलाल, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल सोहन लाल और सुमेर सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से उनके अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है, जो वारदात के समय उनके साथ मौजूद थे।




















