जयपुर। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव के तहत गुरुवार को राजधानी जयपुर में शस्त्र एवं शास्त्र पूजन का भव्य आयोजन किया जाएगा। सर्व ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में यह कार्यक्रम विद्याधर नगर क्षेत्र में आयोजित होगा।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह 12 अप्रैल से शुरू होकर 26 अप्रैल 2026 तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को समाज की परंपरा और वीरता के प्रतीक ‘शस्त्र’ तथा ज्ञान के प्रतीक ‘शास्त्र’ का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा।
जयपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शिवम टेक्सटाइल, विद्याधर नगर स्टेडियम के सामने आयोजित होगा। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजन, संत-महात्मा, आध्यात्मिक गुरु और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
वहीं कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भगवान परशुराम के आदर्शों, धर्म, पराक्रम और ज्ञान के महत्व से अवगत कराना है। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा और जिला अध्यक्ष अजय शर्मा ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।




















