राजस्थान विश्वविद्यालय का 35 वां दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे शामिल

0
65
Vice President C.P. Radhakrishnan will attend the 35th Convocation Ceremony of the University of Rajasthan.
Vice President C.P. Radhakrishnan will attend the 35th Convocation Ceremony of the University of Rajasthan.

जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय का 35 वां दीक्षांत समारोह इस वर्ष शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ नारी शक्ति, नेतृत्व और राष्ट्रीय गौरव का अनूठा संगम बनने जा रहा है। शनिवार, 25 अप्रैल को विश्वविद्यालय के दीक्षांत केंद्र में आयोजित समारोह में देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि राज्यपाल हरिभाऊ बागडे विशिष्ट अतिथि रहेंगे।

कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा ने बताया कि इस वर्ष समारोह में वर्ष 2024 और 2025 के कुल 2,71,710 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 300 शोधार्थियों को पीएचडी, एक डी.लिट उपाधि तथा 2,71,409 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर डिग्रियां दी जाएंगी। साथ ही दोनों वर्षों के विद्यार्थियों को कुल 250 स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे।

कटेजा ने बताया कि दीक्षांत समारोह की खास बात छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन है। वर्ष 2024 में 118 विद्यार्थियों (26 पुरुष, 92 महिला) को 127 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे, जबकि वर्ष 2025 में 114 विद्यार्थियों (21 पुरुष, 93 महिला) को 123 स्वर्ण पदक मिलेंगे। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि छात्राओं ने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर नई मिसाल कायम की है।

इसके अलावा समारोह में भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल और उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय सेना के सैन्य वाद्य वृंद की धुनों के साथ होगा, जो समारोह में राष्ट्रभावना और अनुशासन का विशेष वातावरण बनाएगा।

कुलगुरु ने बताया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप नवाचार, कौशल विकास, बहुविषयक अध्ययन और समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ‘आनंदम’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों का संवर्धन किया जा रहा है। साथ ही नीति आयोग के राज्य समर्थन मिशन के तहत विश्वविद्यालय को प्रमुख ज्ञान संस्थान के रूप में मान्यता भी प्राप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here