जयपुर में विधानसभा को फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली

0
34

जयपुर। राजधानी जयपुर में राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए धमकी भरे मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली करवा लिया और सघन तलाशी अभियान चलाया।

ज्योति नगर थानाधिकारी संतरा मीणा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:15 से 9:15 बजे के बीच प्राप्त ईमेल में दोपहर 1 बजे आत्मघाती हमला करने की चेतावनी दी गई थी। मेल में आपत्तिजनक बातें लिखते हुए दावा किया गया कि दो हमलावर बेल्ट बम के साथ विधानसभा को निशाना बनाएंगे। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), एटीएस, एसडीआरएफ, दमकल विभाग और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

चप्पे-चप्पे की ली तलाशी, नहीं मिला कुछ संदिग्ध

सुरक्षा की दृष्टि से विधानसभा परिसर को तुरंत खाली कराया गया और अधिकारियों-कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया। करीब 3 घंटे तक पार्किंग, गार्डन, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को पुनः अंदर प्रवेश दिया गया।

लगातार दूसरी बार मिली धमकी

गौरतलब है कि पिछले 12 दिनों में यह दूसरा मौका है जब विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले 13 अप्रैल को भी इसी तरह का ईमेल मिला था, हालांकि तब भी जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला था। इसके अलावा हाईकोर्ट, सीएमओ, सवाई मानसिंह स्टेडियम, पासपोर्ट कार्यालय, स्कूलों और अस्पतालों को भी पूर्व में ऐसे धमकी भरे मेल मिल चुके हैं।

साइबर सेल जुटी जांच में

ज्योति नगर थाना पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऐसे मामलों में प्रॉक्सी सर्वर का उपयोग किया जाता है, जिससे आरोपियों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

बैठकें स्थगित, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के चलते विधानसभा में प्रस्तावित कुछ महत्वपूर्ण बैठकों को स्थगित कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। विधानसभा प्रशासन ने नियमित डॉग स्क्वॉड व सुरक्षा जांच को और सख्त करने की मांग भी की है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आई सामने

भाजपा विधायक कैलाश वर्मा ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लगातार मिल रही धमकियों को कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों को पकड़ना जरूरी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और धमकी देने वाले नेटवर्क तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here