जयपुर। प्रताप नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बदला लेने की नीयत से एक गुट ने दूसरे गुट के युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जबकि विरोध में दूसरे पक्ष ने अपार्टमेंट में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
थानाधिकारी पूरन मल ने बताया कि सेक्टर-28 स्थित उत्सव अपार्टमेंट में यह घटना देर रात हुई। बहरोड़-कोटपूतली निवासी बलवान (25) पहले इसी अपार्टमेंट में रहकर बाउंसर की नौकरी करता था। उस दौरान उसका पास ही रहने वाले कुछ युवकों से विवाद हो गया था। पिछले चार-पांच महीनों से वह अन्य स्थान पर रह रहा था।
शिकायतकर्ता रमेश राठी के अनुसार गुरुवार रात बलवान अपने दोस्तों के पास रखा सामान लेने अपार्टमेंट पहुंचा था। इसी दौरान विरोधी गुट के युवकों ने उसे अकेला देखकर घेर लिया और कार से आए बदमाशों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। युवक को सड़क पर गिराने के बाद भी हमलावर लगातार पीटते रहे।
हंगामे की आवाज सुनकर अपार्टमेंट के लोग अपने फ्लैट्स से बाहर निकल आए। इसी बीच बलवान को बचाने उसके साथी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने विरोधी गुट के लोगों की तलाश में अपार्टमेंट में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों गुटों के हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल बलवान का मेडिकल करवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।



















