जयपुर। सिंधी कैंप मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। एस्केलेटर पर चढ़ते समय गोद में बच्चे को लेकर जा रही एक महिला अचानक संतुलन बिगड़ने से गिरते-गिरते बच गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी की सतर्कता से महिला और बच्चा दोनों सुरक्षित बच गए।
पुलिस के अनुसार महिला एस्केलेटर पर अपने बच्चे को गोद में लेकर चढ़ रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। घबराहट में वह गिरने लगी और उसके साथ गोद में लिया बच्चा भी नीचे फिसलने की स्थिति में आ गया।
इसी दौरान स्टेशन पर तैनात एएसआई दुर्गा प्रसाद ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बिना समय गंवाए दौड़कर महिला और बच्चे को संभाल लिया। उनकी तत्परता के चलते दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से एएसआई दुर्गा प्रसाद की प्रशंसा की गई है। घटना के बाद महिला और बच्चा पूरी तरह सुरक्षित हैं।



















