जयपुर। ज्योति नगर थाना क्षेत्र में सहकार मार्ग स्थित विद्युत विनियामक भवन की चौथी मंजिल पर शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। धुआं उठता देख कर्मचारियों ने तत्काल बिल्डिंग खाली कर दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार जिस कमरे में आग लगी वह कॉन्फ्रेंस हॉल था, जिसे वर्तमान में रिकॉर्ड रूम के रूप में उपयोग किया जा रहा था और वहां महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना की सूचना पर प्रमुख ऊर्जा सचिव आरती डोगरा और विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आयोग के अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने बताया कि आग से कुछ दस्तावेज और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा है, हालांकि सभी महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित हैं क्योंकि उनका डिजिटाइज्ड बैकअप भी मौजूद है।
उन्होंने बताया कि भवन में लगे अलार्म सिस्टम के सक्रिय होते ही अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और धुआं बाहर निकालने के लिए खिड़कियां व आउटलेट खोल दिए गए। दमकल टीम 5 से 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई, जिससे समय रहते आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
एहतियात के तौर पर रिकॉर्ड्स को अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि आसपास के कमरों में किसी अन्य विद्युत खराबी के संकेत नहीं मिले हैं, फिर भी पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जाएगी। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।



















