गुलेल गैंग का पर्दाफाश: कारों के शीशे तोड़ कीमती सामान उड़ाने वाले दो शातिर गिरफ्तार

0
155
Two Cunning Thieves Arrested for Smashing Car Windows and Stealing Valuables
Two Cunning Thieves Arrested for Smashing Car Windows and Stealing Valuables

जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी पूर्व) टीम ने कार्रवाई करते हुए राजधानी जयपुर में लग्जरी कारों के शीशे तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल और नकदी चोरी करने वाली अंतरराज्यीय ‘गुलेल गैंग’ के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने जयपुर सहित अलवर, भिवाड़ी और दौसा में एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इम्तियाज आलम उर्फ अमनराज (37) निवासी बिहार और रोहित कृष्णा (28) निवासी तमिलनाडु के रूप में हुई है। दोनों की मुलाकात नोएडा की कासना जेल में परमजीत यादव नामक अपराधी से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद तीनों ने मिलकर इस गिरोह का गठन किया। वारदातों को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने ओएलएक्स के जरिए स्कूटी और पल्सर बाइक खरीदी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। स्कूटी सवार आरोपी पॉश कॉलोनियों, होटलों और मैरिज गार्डनों की पार्किंग में खड़ी कारों की रेकी करता था, जिनमें कीमती सामान नजर आता। इशारा मिलते ही बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचते और गुलेल से कार का शीशा तोड़कर कुछ ही सेकंड में लैपटॉप, मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो जाते।

गिरोह का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने करीब 100 किलोमीटर के दायरे में लगे 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही 80 होटलों और गेस्ट हाउसों के रिकॉर्ड की भी जांच की गई। तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। फिलहाल पुलिस गिरोह के तीसरे सदस्य परमजीत यादव की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपियों को तीस अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर रखा गया है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल गौरव सोलंकी, अविनाश तथा कांस्टेबल अशोक कुमार व धर्मपाल की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here