हाट बाजार में सक्रिय मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश

0
50
Mobile Theft Gang Active in Local Markets Busted
Mobile Theft Gang Active in Local Markets Busted

जयपुर। जामडोली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के 35 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह गिरोह भीड़भाड़ वाले हाट बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 23 अप्रैल को डॉ. सुनील कुमार ने जामडोली स्थित गणेश मंदिर के सामने हाट बाजार में मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रतन सिंह कविया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू ठाकुर (24) निवासी साहिबगंज, झारखंड को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही वारदात में शामिल दो बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 35 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें 3 आईफोन और 31 अन्य कंपनियों के एंड्रॉयड फोन शामिल हैं।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह संगठित तरीके से काम करता था और जयपुर से चोरी किए गए मोबाइल फोन अपने नेटवर्क के जरिए अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेच देता था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सिपाही पवन कुमार और कृष्ण कुमार की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here