जयपुर। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर चोरी हुई एक कीमती महिंद्रा स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया है। बदमाशों ने हाईटेक तरीके से विशेष डिवाइस का इस्तेमाल कर गाड़ी का सेंट्रल लॉक सिस्टम बदल दिया था, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के आगे उनकी चालाकी धरी रह गई।
डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि वाहन चोरी की सूचना मिलते ही थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल से लेकर संभावित रूटों पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण के दौरान एक अन्य संदिग्ध गाड़ी में तीन चोरों का मूवमेंट नजर आया।
पुलिस टीमों ने लगातार पीछा करते हुए चोरों का रूट ट्रैक किया। पुलिस का भारी दबाव और पीछा बढ़ता देख चोर मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास गाड़ी को एक सूनसान गली में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गहन तलाशी के बाद चोरी हुई स्कॉर्पियो को सुरक्षित बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि चोरों ने तकनीकी डिवाइस लगाकर गाड़ी के सिक्योरिटी सिस्टम में सेंध लगाई थी।
पुलिस ने गाड़ी बरामद करने के बाद आरोपियों को दबोचने के लिए पूरी रात उस इलाके में निगरानी रखी। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से ओझल होने में सफल रहे। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।



















