जयपुर। सीकर रोड स्थित मणिपाल हॉस्पिटल एवं अग्रवाल समाज के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर और ईसीजी जैसी जांचें निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
आयोजकों के अनुसार शिविर में 100 से अधिक लोगों ने भाग लेकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच के महत्व को समझाना रहा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने डॉक्टरों से परामर्श लेकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान पाया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए लाभकारी साबित होते हैं और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
हॉस्पिटल डायरेक्टर रंजन ठाकुर ने कहा कि मणिपाल हॉस्पिटल समय-समय पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने सहयोगी संस्थाओं का आभार भी जताया।



















