एचपीवी टीकाकरण को लेकर अभिभावकों एवं आमजन से अपील

0
54

जयपुर। जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों एवं आमजन से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि एचपीवी टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी एवं सुरक्षित माना गया है। यह टीका विष्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रमाणित है तथा क्लिनिकली टेस्टेड होने के साथ पूर्णतः सुरक्षित है। यह टीकाकरण जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी टीका एक सिंगल डोज के रूप में लगाया जाता है, जो बालिकाओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। टीकाकरण हेतु आधार कार्ड, स्कूल आईडी अथवा अंकतालिका में से कोई एक दस्तावेज आयु प्रमाण के रूप में आवश्यक है। जिन बालिकाओं के पास दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उनके लिए अभिभावक/संरक्षक द्वारा सहमति पत्र देकर आयु प्रमाणित किया जा सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि एचपीवी टीके को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करें। यह टीका सुरक्षित है तथा इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं और यह सर्वाइकल कैंसर से 95 प्रतिशत से अधिक तक बचाव प्रदान करता है।

जिला प्रशासन द्वारा अभिभावकों एवं आमजन से अपील की गई है कि वे अपनी बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here