जयपुर। शहर के सेज क्षेत्र के निकट स्थित दलित बहुल गांव बैरवों की ढाणी में आम रास्ते पर अतिक्रमण कर कॉलोनी काटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। भारत जोड़ो मिशन सोसायटी ने तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन की चेतावनी दी है।
सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष अनीष कुमार नाडार ने बताया कि जेडीए के जोन-11 के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन इसके बावजूद गांव के सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से ग्रामीण और संगठन के प्रतिनिधि लगातार जेडीए के चक्कर लगा रहे हैं, यहां तक कि विभाग द्वारा अतिक्रमण की पुष्टि करने वाली रिपोर्ट भी तैयार की जा चुकी है, फिर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
नाडार ने कहा कि यदि तीन दिन के भीतर रास्ते से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो पालड़ी परसा स्थित जेडीए जोन-11 कार्यालय के बाहर अधिकारियों के पुतले जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर गांव में दलित समाज और समाजसेवियों के सहयोग से “महापड़ाव” शुरू किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत जोड़ो मिशन सोसायटी द्वारा 17 सितंबर से चलाए जा रहे ‘दलित उत्थान महा अभियान’ के तहत यह 21वां गांव है, जहां सामाजिक जागरूकता अभियान चलाया गया है। संगठन ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



















