बाइक को ट्रेलर ने मारी टक्कर: हादसे में महिला की मौत

0
36

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के सामोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 37 वर्षीय महिला स्वास्थ्यकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आशा देवी महाजन (37) के रूप में हुई है। वह अपने पति बंशीधर महाजन के साथ बाइक पर सवार होकर नई नौकरी जॉइन करने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान सामोद क्षेत्र में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में पीछे बैठी आशा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति बंशीधर घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सामोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। एम्बुलेंस की सहायता से महिला के शव को चौमूं के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रेलर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। जिस परिवार में नई नौकरी को लेकर खुशी का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here