डोटासरा ने केंद्र सरकार को घेरते हुए लगाया संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप

0
86
Targeting the Central Government, Dotasra alleged the misuse of constitutional institutions.
Targeting the Central Government, Dotasra alleged the misuse of constitutional institutions.

जयपुर। पांच राज्यों के हालिया विधानसभा चुनावों के बाद केरल में कांग्रेस गठबंधन की भारी बहुमत से सरकार बनने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह जीत पार्टी नेतृत्व—मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, के. सी. वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी—के अथक प्रयासों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दस वर्षों बाद केरल में कांग्रेस गठबंधन की सत्ता में वापसी लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत है।

डोटासरा ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि कई राज्यों में चुनाव प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता पर प्रश्नचिन्ह खड़े हुए हैं।

उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां बड़े पैमाने पर प्रशासनिक हस्तक्षेप किया गया। बड़ी संख्या में अधिकारियों को हटाया गया, केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई हुई और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं और पूरे देश को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

राजस्थान के संदर्भ में डोटासरा ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय चुनाव समय पर नहीं कराए जा रहे हैं, जो संविधान के प्रावधानों के विपरीत है। साथ ही उन्होंने पेयजल संकट, बेरोजगारी, अपराध की बढ़ती घटनाओं और आरजीएचएस योजना में कर्मचारियों को इलाज नहीं मिलने जैसी समस्याओं को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

उन्होंने टोंक में बजरी माफिया द्वारा पुलिसकर्मी की हत्या जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इसके अलावा पेपर लीक मामलों और युवाओं को रोजगार नहीं मिलने को लेकर भी सरकार की आलोचना की।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर आमजन के वोट के अधिकार की रक्षा करेंगे और किसी भी प्रकार की तानाशाही या एजेंसियों के दुरुपयोग को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस जनता के समर्थन से मजबूती से आगे बढ़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here