चलती स्कूटी बनी आग का गोला: चालक ने कूदकर बचाई जान

0
64

जयपुर। अशोक नगर थाना क्षेत्र के करतारपुरा इलाके में गुरुवार को एक चलती स्कूटी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान स्कूटी चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करतारपुरा इलाके में स्कूटी चलते समय अचानक उसमें से धुआं निकलना शुरू हुआ। कुछ ही क्षणों में स्कूटी आग की लपटों से घिर गई। सड़क पर आग लगी स्कूटी देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना के दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रारंभिक जांच में स्कूटी में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here