जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के रेनवाल थाना क्षेत्र में सूदखोरी से परेशान होकर एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक ने आत्महत्या से पहले व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजकर कई लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
रेनवाल थानाधिकारी नरेश कंवर के अनुसार मृतक मोहनलाल बारावाल निवासी जोधपुरा, रेनवाल ने आत्महत्या से पूर्व लिखे सुसाइड नोट में बताया कि उसने मूलधन से कई गुना अधिक रकम चुका दी थी, लेकिन इसके बावजूद उसे सूदखोरों से छुटकारा नहीं मिल रहा था। आरोप है कि लगातार रुपए मांग कर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं।
सुसाइड नोट में करोड़ों रुपए के लेन-देन और सूदखोरी के हिसाब-किताब का भी उल्लेख किया गया है। मृतक ने लिखा कि “आत्महत्या के अलावा मेरे पास कोई और रास्ता नहीं बचा था।” साथ ही जिला प्रशासन और राज्य सरकार से सूदखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
मामले में परिजनों ने करीब पांच नामजद लोगों के खिलाफ रेनवाल थाने में मामला दर्ज करवाया है। आरोप है कि रुपए के लेनदेन को लेकर मृतक को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और आत्महत्या के लिए उकसाया गया।
घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। मृतक का शव उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। थानाधिकारी नरेश कंवर मौके पर पहुंचकर परिजनों से समझाइश के प्रयास किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है।



















