
जयपुर। भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम के प्रतीक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर गुरुवार को गुलाबी नगरी जयपुर देश भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। एक वर्ष पूर्व सात मई को भारतीय सेना ने सीमा पार आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर पूरी दुनिया को भारत की सैन्य ताकत और रणनीतिक क्षमता का अहसास कराया था। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में जयपुर स्थित सप्त शक्ति कमान में संयुक्त कमांडर्स सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाग लिया।
जयपुर पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एयरपोर्ट पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़ तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ भी मौजूद रहे।
सप्त शक्ति कमान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान सहित तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता, रणनीतिक उपलब्धियों और वीर जवानों के साहस को याद किया गया। साथ ही उन सैनिकों को श्रद्धांजलि और सम्मान अर्पित किया गया, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने अदम्य साहस का परिचय दिया।
राजस्थान की वीर भूमि का सेना से सदैव गहरा संबंध रहा है। पाकिस्तान से लगती लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा के कारण ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और फलोदी जैसे सीमावर्ती जिले सुरक्षा दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण केंद्र बने रहे। भारतीय सेना ने इन क्षेत्रों में न केवल सीमाओं की अभेद सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि दुश्मन के कई ड्रोन हमलों को भी विफल कर अपनी सतर्कता और सामरिक क्षमता का परिचय दिया।
गौरतलब है कि सैन्य आयोजनों के लिहाज से यह वर्ष राजस्थान के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी वर्ष 15 जनवरी को जयपुर में आयोजित आर्मी डे परेड में भारतीय सेना की आधुनिक युद्ध क्षमता, अत्याधुनिक टैंक, हेलीकॉप्टर और हथियारों का प्रदर्शन पूरी दुनिया ने देखा था। एक बार फिर राजस्थान की धरती भारतीय सेना के पराक्रम और गौरव की साक्षी बनी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान की सबसे मजबूत ढाल है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने यह साबित कर दिया कि भारत अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।


















