जयपुर। वैशाली नगर स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में शनिवार को ठाकुरजी के चंदन का लेपन किया गया। चंदन की सुगंध से गर्भगृह सुवासित हो उठा। ठाकुरजी को चंदन लेपन से निर्मित विशेष पोशाक धारण कराई गई। पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। उल्लेखनीय है कि वैष्णव परंपरा में ग्रीष्म ऋतु के दौरान भगवान को शीतलता प्रदान करने के लिए चंदन का लेपन, हल्के सूती वस्त्र एवं पुष्पों से श्रृंगारित करने की परंपरा है।
चंदन को शास्त्रों में शीतलता, पवित्रता, सौम्यता और प्रेम का प्रतीक बताया गया है। मान्यता है कि भगवान को चंदन अर्पित करने से भक्त का मन भी चंदन की भांति शीतल, निर्मल और सुगंधित बनता है। मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर चंदन श्रृंगार के दर्शन कर रहे हैं। चंदन श्रृंगार दर्शन का समय प्रात: 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 से 7: 30 बजे तक निर्धारित किया गया है।



















