जयपुर। गायत्री परिवार के आठों आंदोलनों को गांव-ढाणी तक पहुंचाने के लिए शनिवार को जालसू तहसील में समन्वय समिति के गठन एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर कार्यकर्ता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गायत्री परिवार जयपुर उप जोन समन्वयक सुशील कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संतोष गुप्ता, मणिशंकर पाटीदार, प्रह्लाद शर्मा ने संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर मार्गदर्शन दिया। वक्ताओं ने कहा कि गांव स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में कार्य किया जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से जालसू तहसील समन्वय समिति का गठन किया गया । तहसील समन्वयक पद के लिए राजेन्द्र सेन के नाम का अनुमोदन किया गया। राजेन्द्र सेन ने संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी एक वर्ष में तहसील की सभी 22 ग्राम पंचायतों में मंडलों का गठन कर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा।
गोष्ठी में आगामी आयोजनों की रूपरेखा भी तय की गई। निर्णयानुसार युवा सम्मेलन का आयोजन 5, 6 एवं 7 जुलाई को कालवाड़ शक्तिपीठ में किया जाएगा। वहीं नारी जागरण सम्मेलन 14 जून को जाहोता तथा शिक्षक सम्मेलन 10 अगस्त को जालसू में आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त नवंबर माह में 24 कुंडीय यज्ञ के आयोजन का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में संगठन को सामाजिक जागरण, युवा सहभागिता और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए निरंतर सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। शांति पाठ के साथ गोष्ठी का समापन हुआ।



















