जयपुर। मालवीय नगर थाना इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश युवक को जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह ले गए, जहां डंडों से बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसकी सोने की चेन, ब्रेसलेट, मोबाइल फोन और जूते तक लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार घटना वाल्मीकि कॉलोनी, मालवीय नगर की है। पीड़ित नवीन ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मालवीय नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है।
एएसआई मुकेश ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे नवीन कॉलोनी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवक उसके पास रुके और डराने-धमकाने के बाद जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
बदमाश उसे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां डंडों से जमकर मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन, हाथ का ब्रेसलेट, मोबाइल फोन और जूते तक छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित मालवीय नगर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।



















