जयपुर। भांकरोटा थाना इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पार कर रहे एक राहगीर की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को उपचार के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसा कुछ दिन पहले रात के समय भांकरोटा पुलिया पर हुआ। एक अज्ञात राहगीर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान पुलिया पर चढ़ते समय किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को तत्काल एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
भांकरोटा थाना पुलिस ने बताया कि मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे में चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण उसका चेहरा काफी क्षत-विक्षत हो गया है। पुलिस ने शव को पहचान के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी के डीप फ्रीज में सुरक्षित रखवाया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की पहचान और उसके परिजनों की जानकारी जुटाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक के हुलिए के आधार पर पहचान कर सके तो भांकरोटा थाना पुलिस को सूचना दें।



















