फायरिंग और लज्जा भंग का इनामी बदमाश गिरफ्तार

0
72
Wanted Criminal, Accused of Firing and Outraging Modesty, Arrested
Wanted Criminal, Accused of Firing and Outraging Modesty, Arrested

जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने संगीन और गंभीर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विशेष अभियान के तहत मारपीट, महिला की लज्जा भंग करने और हत्या के इरादे से फायरिंग करने के मामले में पिछले 5 महीने से फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश को भरतपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 21 दिसंबर 2025 की रात को परिवादिया नसीम बानो के साथ कुछ बदमाशों ने मारपीट की थी। आरोपियों ने महिला की लज्जा भंग करते हुए हत्या करने की नीयत से उस पर फायरिंग भी की थी। इस संबंध में ट्रांसपोर्ट नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में ही तीन आरोपियों—शाहिद खान, वाहीद खान और अरबाज उर्फ काला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर जेल भेज दिया था। लेकिन वारदात का मुख्य आरोपी आबिद खान घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था।

ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर जाल बिछाया। टीम ने दबिश देकर आरोपी आबिद खान (59) निवासी आमागढ बस्ती दिल्ली बाईपास रोड जयपुर को मछली दरवाजा भरतपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस अब आगे की पूछताछ कर रही है।

इस इनामी बदमाश को सलाखों के पीछे पहुँचाने वाली टीम में थानाधिकारी अरुण कुमार, कांस्टेबल महेश , मोहम्मद शाहिद और कैलाश नेहरा शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here