जयपुर। मोती डूंगरी थाना पुलिस ने राह चलती युवती का रास्ता रोककर उसके साथ अश्लील हरकत, छेड़छाड़ और मारपीट करने वाले सिरफिरे आशिक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 21 वर्षीय महिला निवासी जवाहर नगर कच्ची बस्ती ने मामला दर्ज करवाया है कि गोविंद मार्ग स्थित एक निजी ऑफिस (औषधि वितरक) में काम करती है और वह आरोपित विक्रम राज को करीब 2 साल से जानती थी और दोनों के बीच सामान्य दोस्ती थी। करीब एक महीने पहले दोनों के बीच विवाद होने पर उसने बातचीत करना बंद कर दिया।
इसके बावजूद आरोपित फोन और मैसेज कर लगातार उसे परेशान कर रहा था। परेशान होकर पीड़िता ने अपनी सिम भी बदल ली, जिसके बाद आरोपी उसका पीछा करने लगा और उसे बदनाम करने व जान से मारने की धमकियां देने लगा। इस पर 9 मई 2026 की सुबह जब पीड़िता अपने ऑफिस जा रही थी, तभी रास्ते में गोविंद मार्ग पर आरोपित विक्रम राज अचानक उसके सामने आ गया और उसे जबरन रोकने की कोशिश की।
जब वह डरकर ऑफिस की तरफ भागने लगी तो आरोपित ने सुनसान गली में उसे घसीटा, हाथ पकड़कर बदतमीजी की और अश्लील हरकत करते हुए उसके पैर पकड़ लिए। इसके बाद वह मारपीट कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपित को ढूंढकर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मोती डूंगरी थानाधिकारी मोहन सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल बनवारी लाल , भौम सिंह , जिला विशेष टीम के कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह और विजय भड़ाना शामिल रहे।



















