महिला सुरक्षा संकल्प अभियान में मनचला गिरफ्तार

0
34

जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राह चलती युवती का पीछा कर छेड़छाड़ करने वाले एक मनचले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को खातीपुरा तिराहे पर डिकॉय कार्रवाई के दौरान दबोचा।

पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एसआईयूसीएडब्ल्यू) सुलेश चौधरी तथा सहायक पुलिस आयुक्त अनिल शर्मा के निर्देशन में वैशाली नगर थानाधिकारी आरती सिंह को विशेष निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में थाना क्षेत्र में सादा वेश में महिला पुलिसकर्मियों की टीम और चेतक जाब्ता तैनात किया गया। डिकॉय कार्रवाई के दौरान खातीपुरा तिराहे ट्रैफिक पॉइंट पर एक युवक राह चलती युवती का पीछा करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा।

मौके पर मौजूद हैड कांस्टेबल कृष्ण ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को वहीं रोक लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, जिसमें हैड कांस्टेबल भंवर सिंह और चेतक चालक हैड कांस्टेबल फूलचंद शामिल थे, मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर डिटेन कर लिया। पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ और उत्पीड़न के आरोप में पंकज पंवार (34) निवासी शांति नगर हसनपुरा, जयपुर पश्चिम को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ या उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here