राजस्थान युवा कांग्रेस चुनाव में अभिषेक चौधरी सबसे आगे: अध्यक्ष का फैसला दिल्ली साक्षात्कार के बाद

0
41

जयपुर। लंबी जद्दोजहद के बाद राजस्थान युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के चुनाव परिणाम रविवार शाम जारी कर दिए गए। युवा कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण ने प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव परिणाम घोषित किए। अध्यक्ष पद के लिए पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष अभिषेक चौधरी 6 लाख 15 हजार 57 वोट लेकर सबसे आगे रहे। जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अनिल चोपड़ा 5 लाख 45 हजार 638 वोट के साथ दूसरे और राजकुमार परसवाल 1 लाख 95 हजार 30 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। अभिषेक चौधरी ने अनिल चोपड़ा से 69 हजार 419 वोट अधिक हासिल किए।

दिल्ली में साक्षात्कार के बाद होगा फैसला

युवा कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण के आयुक्त सज्जाद अहमद के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक वोट पाने वाले तीनों प्रत्याशियों में से अंतिम रूप से अध्यक्ष का चयन दिल्ली में होने वाले साक्षात्कार के बाद किया जाएगा। अभिषेक चौधरी, अनिल चोपड़ा और राजकुमार परसवाल को जल्द ही दिल्ली बुलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि तीनों प्रत्याशियों का वन-टू-वन साक्षात्कार राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब और प्रभारी मनीष शर्मा की ओर से लिया जाएगा। इसके बाद अध्यक्ष पद पर अंतिम निर्णय होगा।

युवा कांग्रेस से जुड़े नेताओं के अनुसार अब अध्यक्ष पद को लेकर जयपुर से दिल्ली तक राजनीतिक सक्रियता भी बढ़ सकती है। अभिषेक चौधरी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के करीब माना जाता है, जबकि अनिल चोपड़ा को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का करीबी बताया जाता है।

डोटासरा से मिले अभिषेक

सबसे अधिक वोट मिलने के बाद अभिषेक चौधरी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय स्थित वॉर रूम पहुंचे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। अभिषेक ने कहा कि चुनाव में उनके साथियों और समर्थकों ने उन्हें बड़ी संख्या में वोट देकर समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि आगे सभी साथियों को साथ लेकर भाजपा की भजनलाल सरकार के खिलाफ सड़क पर संघर्ष किया जाएगा।

सभी 19 प्रत्याशियों को कार्यकारिणी में जगह

युवा कांग्रेस के चुनाव परिणाम की खास बात यह रही कि अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे सभी 19 प्रत्याशियों को प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। प्रत्याशियों को मिले वोट के आधार पर उन्हें उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिव जैसे पद दिए गए हैं। इसके अलावा एससी-एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक और महिला आरक्षण के तहत भी कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व दिया गया है।

अध्यक्ष पद पर चौथे स्थान पर रहीं निशा खीचड़, जिन्हें 3,338 वोट मिले, को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। अलफिजा को 2,144 वोट मिलने पर अल्पसंख्यक कोटे से प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। इसी तरह छगनलाल कुलदीप, प्रकाश चंद मीणा और भगवती मीणा को एससी-एसटी कोटे में उपाध्यक्ष बनाया गया है।

दिव्यांग कोटे में तेजकरण चौधरी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। निर्मला मेघवाल को एससी-एसटी महिला, यासमीन को अल्पसंख्यक महिला तथा शीतल परिहार और राहुल खान को ओबीसी कोटे में प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। डिंपल सिंधल, सुमन बानो, दिव्यानी कटारा, पूजा भार्गव और आशीष को सचिव निर्वाचित किया गया है।

छह माह से अधिक चली चुनाव प्रक्रिया

युवा कांग्रेस में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया छह माह से अधिक समय तक चली। इस बार चुनाव में रिकॉर्ड 32 लाख 64 हजार 980 वोट पड़े थे। चुनाव प्राधिकरण ने इनमें से 13 लाख से अधिक वोट खारिज कर दिए थे, जबकि वैध दस्तावेजों के अभाव में 5 लाख से अधिक वोटों को रोक दिया गया था।

इसके बाद चुनाव प्राधिकरण ने 13 से 19 सितंबर तक प्रत्याशियों को अपने वोट और दस्तावेज दुरुस्त करने का मौका दिया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को चुनाव परिणाम जारी किए गए। हालांकि अध्यक्ष पद पर अंतिम निर्णय अभी बाकी है और तीनों शीर्ष प्रत्याशियों के दिल्ली में साक्षात्कार के बाद ही प्रदेश युवा कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here