भजनों की रसधारा में डूबा खंडेलवाल कॉलेज: रातभर गूंजे बाबा श्याम के जयकारे

0
45

जयपुर। शास्त्री नगर स्थित खंडेलवाल कॉलेज में श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति का तीन दिवसीय 34वां वार्षिकोत्सव रविवार को भक्ति और भजनों की रसधारा के बीच सम्पन्न हुआ। सुबह से शुरू हुआ भजनों का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। भजन गायकों ने बाबा श्याम को भजनों से रिझाया तो श्रद्धालु भी देर रात तक भक्ति में झूमते रहे। पूरा परिसर ‘जय श्री श्याम बाबा’ के जयकारों से गूंजता रहा और पंडाल भक्तिमय नजर आया।

नगीने और कुंदन-पोलकी से हुआ विशेष शृंगार

वार्षिकोत्सव के अवसर पर बाबा श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना कर विशेष शृंगार किया गया। बाबा को नगीने से सुसज्जित लहंगा-बागा पहनाया गया। सोने-जवाहरात के आभूषणों के साथ कुंदन-पोलकी का रानी हार पहनाया गया। कलकत्ता से विशेष रूप से मंगाई गई काजू, बादाम और अंजीर से बनी ड्राईफ्रूट की माला पहनाई गई। बैंकाक और कलकत्ता के फूलों की मालाओं से भी बाबा का शृंगार किया गया। माखन-मिश्री, मिश्रित मिठाई और ड्राईफ्रूट से सजे थाल का भोग लगाया गया। आकर्षक शृंगार के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम की झांकी के दर्शन किए।

सुबह से देर रात तक भजनों की गूंज

सुबह से दिनभर मान पंडित आशुतोष शर्मा, योगेश पाराशर, घनश्याम, अपूर्वा, निशा, गोविंद, नवीन शर्मा, राज राठौड़, मनोज पारीक, हिमांशी कडारा, आदित्य छीपा, दिनेश संगम, सागर शर्मा, सोनू छीपा, हर्ष, पूजा पारीक और सोगेश शर्मा ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर बाबा श्याम को रिझाया।

शाम 6 बजे के बाद कलकत्ता के सौरभ शर्मा और संजू शर्मा तथा श्री वृंदावन धाम से नंदकिशोर शर्मा ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। ‘मेले श्याम की हवेली बड़ी अलबेली बनवाई है’, ‘कन्हैया चितचोर चोर न’, ‘भूल से भी ना भुलाना श्याम’, ‘बनकर मांझी जीवन नैया, प्रभु आपको पार लगानी है’ सहित भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे।

लखबीर सिंह लक्खा ने बांधा भक्ति का समां

भजन सम्राट लखबीर सिंह लक्खा और नंदू किशोर शर्मा ने देर रात तक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भजनों पर तालियां बजाते और झूमते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पूरे समय अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।

समिति के संरक्षक रामबाबू झालानी ने बताया कि तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम संयोजक हरिकिशन टोडवाल, ओ.पी. बड़ाया, मनोज मुरारका, योगेश खंडेलवाल, चंद प्रकाश राणा, विकास अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, वीरेंद्र, अंकित गुप्ता, लक्ष्मीनारायण, नितिश, आयुष शर्मा, मनोज सोनू दारुका, सौरभ अग्रवाल, राजेश खंडेलवाल, धीरज नाटाणी, राजेश कट्टा और महेंद्र सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं का माला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

अगले वर्ष और भव्य आयोजन का संकल्प

कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोगों ने भी बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई। श्रद्धालुओं और आयोजकों ने अगले वर्ष वार्षिकोत्सव को और भव्य एवं व्यापक रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया। महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव का विधिवत समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here