साहू सेवा सदन में तीन दिवसीय श्री रुक्मिणी मंगल कथा महोत्सव का शुभारंभ

0
14

जयपुर। छोटी काशी जयपुर के जनता कॉलोनी, आदर्श नगर स्थित साहू सेवा सदन में श्री राधा गोपिका मंडल के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्री रुक्मिणी मंगल कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कथावाचक आशीष व्यास शास्त्री महाराज के सानिध्य में आयोजित महोत्सव के पहले दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्म और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लिया।

कथा का शुभारंभ व्यास पीठ पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान जयपुर शहर महापौर सुनील कोठारी, पूर्व महापौर पंकज जोशी, अनुराग खेतान, पूज्य रमेश महाराज सहित संत-महंतों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने कथा व्यास आशीष व्यास शास्त्री महाराज का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महिला मंडल के सदस्यों ने भी व्यास पीठ की पूजा-अर्चना कर महाआरती की।

कथा के दौरान आशीष व्यास शास्त्री महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की अर्धांगिनी रुक्मिणी जी के जन्म का मार्मिक प्रसंग सुनाया। उन्होंने इस प्रसंग के माध्यम से कन्या के महत्व को धार्मिक, शास्त्रीय और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से समझाते हुए कहा कि कन्या परिवार में सम्मान, संस्कार और मंगल भावना का प्रतीक है। उन्होंने समाज से कन्याओं का सम्मान करने, उनके महत्व को समझने और जीवन में उच्च संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कथावाचक महाराज ने श्री राधा गोपिका मंडल की समस्त गोपिकाओं का सम्मान एवं सत्कार किया। तीन दिवसीय महोत्सव के तहत प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक कथा होगी। आगामी दिनों में रुक्मिणी मंगल के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here