जयपुर। यंग सिटिजन ऑफ इंडिया की ओर से कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित सीजन-3 की राज्य स्तरीय अंतर विद्यालय क्विज और स्पीच प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। जयपुर, अजमेर, सवाई माधोपुर, टोंक और गगवाना की स्कूल टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। दो सेमीफाइनल राउंड के बाद चयनित छह टीमों के बीच ग्रैंड फिनाले में कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई।
क्विज प्रतियोगिता में सुफा एकेडमी ने प्रथम, जय मां सरस्वती ने द्वितीय और गगवाना के एन एप्पल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्पीच प्रतियोगिता में अजमेर की उम्मत फाउंडेशन की रुमा खातून प्रथम, जयपुर के दी इंडियन पब्लिक स्कूल के अय्यूब अजहर द्वितीय और सफिया स्कूल की अरबिया कुरैशी तृतीय स्थान पर रहीं। उम्मत फाउंडेशन को स्कूल ऑफ द ईयर-2026 घोषित किया गया। आरजू को जीनियस माइंड, मोहम्मद यासीन को क्यूरियस माइंड और एक विद्यार्थी को डिसिप्लिन स्टूडेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. संजय शर्मा, रक्षंदा खान और राजेश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईपीएस एवं राजस्थान साइबर क्राइम के एसपी सुमीत मेहरड़ा, समाजसेवी एवं अंतरराष्ट्रीय कारोबारी मोहम्मद औसाफ, एएल पेपर के सीएमडी जावेद कागजी, पीसीसी महासचिव इमरान कुरैशी, पूर्व आईएएस यूडी खान, आकाशवाणी की पूर्व सहायक निदेशक रेशमा खान, युवा नेता असरार कुरैशी, शकील अंसारी, छुट्टन कुरैशी, एडवोकेट सज्जाद अजीज, जेएलएन एजुकेशन ग्रुप के निदेशक डॉ. आजम बैग, डॉ. फरीदा बैग, नूर इस्लाम, जामा मस्जिद के सचिव जहीर उल्लाह खान, मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद इकबाल, मकबूल, डॉ. खुर्शीद टाक और तासा ग्रुप की स्मृति स्मार्ट सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों का शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
यंग सिटिजन ऑफ इंडिया की महासचिव सारा इस्माईल ने बताया कि संस्था की टीम पिछले सात वर्षों से स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पिछले तीन वर्षों से अंतरविद्यालय क्विज और स्पीच प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं।
इस बार इसे राज्य स्तरीय स्वरूप दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण बच्चों का आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और सीखने का अनुभव है। टीम पूरे वर्ष अपने खर्च पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करती है। विजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रशस्ति पत्र के साथ छोटे उपहार भी दिए गए।
एसपी सुमीत मेहरड़ा ने बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आज साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। विशेषकर किशोरों को गलत संगति और ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। अभिभावकों को भी बच्चों के मित्रों और गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।
मोहम्मद औसाफ ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और व्यवहारिक रूप से शिक्षित होना भी जरूरी है। अभिभावकों को बच्चों की दिनचर्या जाननी चाहिए और उनके साथ समय बिताना चाहिए। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए खेल और व्यायाम से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से निःशुल्क जिम अभियान भी चलाया जा रहा है।
इमरान कुरैशी ने युवाओं से हर क्षेत्र में आगे आने और अच्छी शिक्षा के माध्यम से सही-गलत की पहचान विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से राजनीति में युवाओं की भागीदारी समाज और देश की तरक्की में योगदान दे सकती है। जावेद कागजी ने कहा कि काम छोटा नहीं होता, सोच छोटी होती है। रेशमा खान ने बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और यूडी खान ने जीवन का लक्ष्य तय कर एकाग्रता से उसे हासिल करने की प्रेरणा दी।

















