बैकुंठ चतुर्दशी पर मंदिरों में सजेंगी विशेष झांकियां: ठाकुरजी को लगेगा छप्पन भोग

0
13

जयपुर। बैकुंठ चतुर्दशी पर सोमवार को राजधानी के प्रमुख मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। भगवान विष्णु के बैकुंठ धाम पधारने के उपलक्ष्य में मंदिरों में विशेष झांकियां सजाई जाएंगी और ठाकुरजी को 56 व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे। मंदिरों में दीपदान और विशेष पूजा-अर्चना के आयोजन भी होंगे।

लक्ष्मीनारायण मंदिर में चांदी की पोशाक धारण करेंगे ठाकुरजी

बड़ी चौपड़ स्थित लक्ष्मीनारायण बाईजी मंदिर में भगवान विष्णु की विशेष झांकी सजाई जाएगी। महंत के सान्निध्य में ठाकुरजी का अभिषेक कर उन्हें चांदी की पोशाक और स्वर्णाभूषण धारण करवाए जाएंगे। इसके बाद 56 भोग की झांकी सजाकर ठाकुरजी को भोग अर्पित किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु झांकी के दर्शन करेंगे।

पानों का दरीबा, सुभाष चौक स्थित सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में ठाकुर राधा सरस बिहारी सरकार की विशेष झांकी सजाई जाएगी। सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा पर रास झांकी के दर्शन होंगे।

हरिहर मिलन का विशेष महत्व

बैकुंठ चतुर्दशी पर सूर्य के रवि योग और विष्णु के पद्म योग में भगवान विष्णु और भगवान शिव के मिलन का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु ने भगवान शिव को स्वर्ण कमल पुष्प अर्पित करने का संकल्प लिया था। भोलेनाथ ने श्रीहरि की परीक्षा लेने के लिए एक पुष्प कम कर दिया। तब भगवान विष्णु ने अपना कमल नयन यानी नेत्र ही शिवजी को अर्पित कर दिया। इससे प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान किया। शास्त्रों के अनुसार, इस दिन स्वर्ग के द्वार खुले रहते हैं और पूजा-अर्चना करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।

कार्तिक पूर्णिमा पर मनेगी देव दिवाली, मंदिरों में सजेंगी दीपमालाएं

कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु के बैकुंठ धाम पहुंचने के उपलक्ष्य में मंगलवार को देव दिवाली मनाई जाएगी। इस अवसर पर मंदिरों और घरों में दीपदान किया जाएगा तथा दीपमालाएं सजाई जाएंगी। पर्व पुंज कार्तिक स्नान और पंचतीर्थ स्नान भी संपन्न होंगे। शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ेगी। वहीं, गलताजी तीर्थ में श्रद्धालुओं का मेला भरेगा। अलसुबह से दोपहर तक हजारों श्रद्धालु यहां स्नान के लिए पहुंचेंगे। स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन और संध्या समय तीर्थ के घाट पर दीपदान किया जाएगा।

पंडित बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर कृतिका नक्षत्र और परिधि योग के संयोग से छत्र योग बनेगा। इस योग में चंद्रमा के दर्शन का विशेष महत्व रहेगा। रात को इस वर्ष का सबसे बड़ा चंद्रमा उदित होगा। चंद्रमा 180 अंश पर रहेगा। चंद्रोदय के समय छह कृतिकाओं शिवा, शंभूति, संतति, अनुसुइया, प्राप्ति और क्षमा का पूजन करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है। उन्होंने बताया कि इस रात चंद्रमा की किरणों को सकारात्मक माना जाता है। पूर्णिमा पर मानसिक ऊर्जा में वृद्धि के लिए चंद्रमा को अर्घ्य देने का भी विशेष महत्व रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here