सूने मकानों में चोरी करने वाला शातिर नकबजन लाखों के जेवरात सहित गिरफ्तार

0
40

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात चोरी करने वाले शातिर नकबजन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी दिनेश उर्फ धन्या निवासी विजय नगर, दौलतपुरा रोड, हरमाड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपए के जेवरात बरामद किए हैं। मामले में उसका साथी अजय अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि शांतिनगर-4, बैनाड़ रोड निवासी विकास मिश्रा ने हरमाड़ा थाने में घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी परिवार सहित इटावा गया हुआ था। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर घर के ताले टूटे होने की सूचना दी। वापस लौटने पर घर का मुख्य गेट, कमरों और अलमारी के लॉक टूटे मिले तथा अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी पाए गए।

चोरी गए सामान में सोने के झुमके, लॉन्ग, हार, चांदी की पायजेब सहित लाखों रुपए के कीमती आभूषण शामिल थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता, सहायक पुलिस आयुक्त चौमूं आलोक कुमार तथा थानाधिकारी उदय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे 30 से 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

तकनीकी जांच और संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी दिनेश उर्फ धन्या तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे व ऐश-मौज के खर्च पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करता और रात में दीवार फांदकर घरों में घुस जाता था। वह ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो जाता था। चोरी के माल को आरोपी सस्ते दामों में बेच देता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था और पुलिस से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट बदल देता था। बरामद मोटरसाइकिल मुरलीपुरा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी कई चोरी और नकबजनी के मामलों में जेल जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here