कलाम एकेडमी में छात्र से मारपीट के बाद प्रदर्शन, आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छात्रों ने किया प्रदर्शन

0
41

जयपुर। जयपुर के कलाम कोचिंग सेंटर कलाम एकेडमी में शिक्षक द्वारा छात्र से मारपीट का मामला रविवार को तूल पकड़ गया। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में विद्यार्थी सड़क पर उतर आए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे छात्र नेता मनोज मीणा को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार घटना 2 अक्टूबर की है। कोचिंग में पढ़ाई के दौरान एक छात्र के पास ‘कलाम बलिदान मांगता है’ लिखा हुआ पर्चा मिला था। आरोप है कि इसी बात को लेकर शिक्षक प्रवीण दान चारण ने छात्र के साथ मारपीट की। छात्र के साथ थप्पड़ और लात से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विद्यार्थियों में रोष फैल गया।

पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया कि उसने नीचे गिरी पर्ची को केवल आगे बढ़ाया था। इसके बाद शिक्षक ने उसे बुलाकर मारपीट की और खुद को सिरोही का हिस्ट्रीशीटर बताते हुए धमकाया। छात्र ने मामले की पुलिस में शिकायत करने की बात कही है।

रविवार को छात्र नेता मनोज मीणा और मनीष मीणा के नेतृत्व में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बड़ी संख्या में विद्यार्थी कोचिंग संस्थान के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। इसी दौरान छात्र नेता मनोज मीणा को हिरासत में लिया गया।

प्रदर्शन में शामिल छात्र नेता मनीष मीणा ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने छात्र के साथ मारपीट करने के साथ कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित भी किया। उन्होंने कहा कि आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

घटना का वीडियो प्रसारित होने और मामला बढ़ने के बाद कलाम एकेडमी प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक प्रवीण दान चारण को संस्थान से निष्कासित करने की बात कही है। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्र केवल निष्कासन से संतुष्ट नहीं हैं और शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here