जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुई स्कॉर्पियो कार को महज 6 घंटे में बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना के बाद करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों के मूवमेंट को ट्रैक किया। आरोपी कार को अचरावाला (मुहाना) क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि परिवादी मानसिंह मीणा निवासी फ्लैट नंबर 122, सेक्टर-10, नीलगिरी अपार्टमेंट, इंदिरा गांधी नगर ने खोह नागोरियान थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसने अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो कार नंबर आरजे 14 यूएल 3560 को रविवार रात अपार्टमेंट परिसर में खड़ी की थी। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे उठने पर कार गायब मिली।
परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण संख्या 265/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व आलोक सिंघल तथा सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर विनोद कुमार शर्मा के सुपरविजन में खोह नागोरियान थानाधिकारी आमप्रकाश मातवा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर चोरों का रूट ट्रैक किया। करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस अचरावाला (मुहाना) क्षेत्र तक पहुंची, जहां आरोपी पुलिस दबाव के चलते स्कॉर्पियो को लावारिस छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी आमप्रकाश मातवा के साथ उप निरीक्षक मुकेश कुमार, कांस्टेबल रामअवतार, कांस्टेबल मोहम्मद आसिफ, कांस्टेबल अशोक कुमार एवं कांस्टेबल हरेन्द्र कुमार की विशेष भूमिका रही।



















