पकड़ा गया अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का सदस्य

0
151

जयपुर। जालूपुरा थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, नकदी, चेकबुक, मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन बरामद की है। आरोपी किराए के बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाते थे।

जयपुर उत्तर पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि जालूपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रमोद कुमावत (32) पुत्र गोपाल लाल कुमावत निवासी किशनगढ़ रेनवाल, हाल निवासी रावण गेट, विनायक विहार-डी, जयपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का सक्रिय सदस्य है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के लोगों से बैंक खाते किराए पर लेकर साइबर ठगी की राशि उन खातों में ट्रांसफर करवाता था। इसके बाद आरोपी विभिन्न एटीएम से नकदी निकालकर अथवा रकम को अन्य खातों में घुमाकर ठिकाने लगाते थे। आरोपी ठगी की बड़ी रकम की गिनती के लिए अपनी कार में ही इलेक्ट्रॉनिक नोट गिनने की मशीन रखते थे और वहीं कैश काउंटिंग का काम करते थे।

पुलिस ने आरोपी की टैक्सी कार की तलाशी में 38 एटीएम कार्ड, तीन लाख 86 हजार 700 रुपए नकद, नोट गिनने की मशीन, बैंकों के खाली एवं भरे हुए चेक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

जालूपुरा थानाधिकारी हवासिंह मंगवा ने बताया कि रात में गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल धन्नाराम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल कैंडी पैलेस के कमरा नंबर 2023 में कुछ लोग साइबर ठगी से जुड़ी गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी सूरज शर्मा, अजय और प्रमोद कुमावत मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने राजेंद्र बैरवा को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस ने राजेंद्र बैरवा के कब्जे से साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किए जा रहे 19 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप तथा टैक्सी कार जब्त की थी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा के निर्देशन में जब्त मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित खाताधारकों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की कई शिकायतें दर्ज हैं।

इसके बाद जालूपुरा थाना पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रमोद कुमावत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार सरगनाओं सूरज शर्मा और अजय की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

कार्रवाई में जालूपुरा थानाधिकारी हवा सिंह मंगवा, उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल झाबरमल और अनिल कुमार, कांस्टेबल हरिराम, लक्ष्मीकांत, जितेंद्र सिंह, शिवराज, अजय तथा साइबर सेल जयपुर उत्तर के कांस्टेबल नन्छु राम की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here