जयपुर। वैशाली नगर इलाके में मां की डांट से नाराज होकर 9वीं क्लास का एक 15 वर्षीय छात्र रात के अंधेरे में चुपचाप घर छोड़कर चला गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाबालिग की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि वैशाली नगर निवासी महिला का 15 साल का बेटा एक प्राइवेट स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र है और स्थानीय कोचिंग सेंटर में पढ़ता है। 18 मई को कोचिंग खत्म होने के बाद वह परिजनों को बिना बताए अपने एक दोस्त के साथ मॉल घूमने चला गया था।
जब वह घर लौटा, तो परिजनों को इस बात की जानकारी हो चुकी थी। बिना बताए मॉल जाने की इस गलती पर मां ने उसे डांट दिया। मां की डांट से आहत होकर छात्र काफी देर तक घर में ही गुमशुम घूमता रहा। इसके बाद रात करीब साढ़े 9 बजे, जब सब व्यस्त थे, वह चुपचाप घर से निकल गया।
काफी देर तक जब बेटा नजर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक रिश्तेदारों और आस-पड़ोस में ढूंढने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने घर के आसपास और मुख्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
फुटेज में नाबालिग छात्र पैदल-पैदल खातीपुरा तिराहे से सिरसी रोड की ओर जाता हुआ दिखाई दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर कर ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के रूट को ट्रैक करते हुए छात्र को सकुशल ढूंढने के प्रयास में जुटी है।



















