चाकूबाजी, रंगदारी और ड्रग तस्करी में चार अपराधी गिरफ्तार

0
44
Four Criminals Arrested for Stabbing, Extortion, and Drug Trafficking
Four Criminals Arrested for Stabbing, Extortion, and Drug Trafficking

जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चाकूबाजी, रंगदारी और अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों में आरोपियों को दबोचा है।
डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि जयपुर पूर्व जिले में बढ़ते अपराधों और लंबित मामलों में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल तथा सहायक पुलिस आयुक्त विनोद कुमार शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई थी।

बजाज नगर थाना क्षेत्र में पिछले माह हुई चाकूबाजी और रंगदारी की वारदातों में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए थानाधिकारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने मुखबिरों से मिली सूचना, आधुनिक तकनीक और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस ने पिछले माह बजाज नगर थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की वारदात में शामिल आरोपी हेमंत यादव (19) पुत्र वीरेंद्र यादव निवासी मुकुंदपुरा, तहसील खेतड़ी, जिला झुंझुनूं, हाल किरायेदार आशियाना रेजीडेंसी, जगतपुरा जयपुर को गिरफ्तार किया है।

वहीं रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरव भारद्वाज (24) पुत्र पुरुषोत्तम भारद्वाज निवासी शिवदासपुरा, जयपुर तथा अंकित कुमार उर्फ बाली (28) पुत्र सतपाल यादव निवासी गांडाला, तहसील बहरोड़, जिला कोटपुतली-बहरोड़ को गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए की तस्करी करने वाले विजय विक्रम (47) पुत्र कृष्ण विजय निवासी चौड़ा रास्ता, थाना माणक चौक जयपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3.05 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।

पुलिस अब एमडीएमए सप्लाई करने वाले आरोपी सुनील उर्फ नवीन की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में एसएचओ जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में एएसआई मुकेश चंद, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, कांस्टेबल रामअवतार, भरतलाल और महेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों के संबंध में भी अहम जानकारी मिलने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here