जयपुर। हरमाड़ा थाना इलाके में सीकर रोड पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सनसिटी के पास वीआईपी मूवमेंट के कारण रोके गए वाहनों में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर जा घुसी। बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसने आगे खड़ी चार कारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब सवा 6 बजे सीकर रोड पर सनसिटी के पास वीआईपी मूवमेंट होना था, जिसके चलते पुलिस द्वारा यातायात को धीमा कराया गया था और वाहन कतार में खड़े थे। इसी दौरान जयपुर से सीकर की ओर जा रही एक निजी स्लीपर बस के चालक ने लापरवाही और तेज गति के कारण बस पर से नियंत्रण खो दिया और रुकी हुई गाड़ियों में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे खड़ी 4 से 5 कारें आपस में टकराकर बुरी तरह पिचक गईं। टक्कर के प्रभाव से एक कार उछलकर सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। कारों के परखच्चे उड़ने के कारण उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों के मलबे में फंसे 6 लोगों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू करवाया। बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।



















