अनु मीणा सुसाइड मामले में पुलिस को मिले महत्वपूर्ण साक्ष्य, पति के खिलाफ मामला दर्ज

0
45
ACB filed case against 22 people including former minister in Jal Jeevan Mission scam
ACB filed case against 22 people including former minister in Jal Jeevan Mission scam

जयपुर। मुहाना थाना इलाके में पीएचईडी के एक्सईएन अधिकारी की पत्नी अनु मीणा की आत्महत्या के मामले में एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा खुलासा हुआ है। घटना के बाद मृतका के मोबाइल और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पति द्वारा की जाने वाली बेरहमी से मारपीट और तोड़फोड़ के पुख्ता सबूत मिले हैं। इन वीडियो साक्ष्यों के सामने आने के बाद मृतका के मायके पक्ष ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

7 अप्रैल को लगाया था फंदा, मोबाइल ने खोले राज

पुलिस के बताए अनुसार थाना इलाके में स्थित बालाजी विहार निवासी 36 वर्षीय अनु मीणा ने गत 7 अप्रैल को अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शुरुआती तौर पर इसे सामान्य सुसाइड माना जा रहा था, लेकिन घटना के बाद जब महिला के परिजनों ने उसके मोबाइल और घर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो प्रताड़ना की खौफनाक हकीकत सामने आ गई। फुटेज में आरोपी पति साफ तौर पर गुस्से में पत्नी पर चिल्लाते, बेरहमी से हाथ उठाते और घर के सामान में तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहा है।

शादी में खर्च किए थे 60 लाख, फिर भी 20 लाख की और वसूली

मृतका के भाई नीरज मीणा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि अनु की शादी जुलाई 2015 में चौमूं के चोथावाड़ी निवासी गौतम मीणा के साथ हुई थी। शादी में हैसियत से बढ़कर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष और पति द्वारा लगातार और दहेज की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। आरोप है कि प्रताड़ना से तंग आकर और अनु का घर बचाने की खातिर वर्ष 2022 में आरोपी पति को 20 लाख रुपये नगद भी दिए गए थे, लेकिन इसके बाद भी उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।

शराब पीकर करता था मारपीट, दूसरी शादी की देता था धमकी

नीरज ने आरोप लगाया कि आरोपी गौतम मीणा आदतन शराबी है। वह अक्सर शराब के नशे में धुत होकर घर आता और अनु व मासूम बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट करता था। वह लगातार अनु को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए दूसरी शादी करने की धमकियां भी देता रहता था। इसी रोज-रोज के नरक और भारी मानसिक दबाव के चलते अनु ने आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा।

टोंक-निवाई में है आरोपी की पोस्टिंग

परिजनों ने बताया कि आरोपी गौतम मीणा वर्तमान में टोंक-निवाई में एक्सईएन के पद पर तैनात है और वह जयपुर से ही रोजाना अप-डाउन करता था। फिलहाल पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर प्रताड़ना, दहेज हत्या के प्रयास और आत्महत्या के लिए उकसाने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल से मिले वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here