जयपुर। राजधानी के दिल्ली रोड स्थित बकरा मंडी में शुक्रवार रात उस समय माहौल गरमा गया, जब मुख्य सड़क पर यातायात सुचारू कराने पहुंचे राजस्थान आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी के जवानों और पुलिस टीम के साथ कुछ युवकों और भीड़ ने अभद्रता व धक्का-मुक्की कर दी। हालांकि, मौके पर मौजूद गलतागेट थाना पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और भीड़ को खदेड़ दिया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे दिल्ली रोड पर मुख्य सड़क के किनारे बकरा बेच रहे लोग अचानक सड़क के बीचों-बीच आ गए, जिससे वहां जाम की स्थिति बनने लगी। मौके पर कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए तैनात आरएसी के जवानों ने जब भीड़ को पीछे हटने और सड़क खाली करने के लिए कहा, तो कुछ असामाजिक तत्व और युवक भड़क गए। देखते ही देखते भीड़ ने जवानों को घेर लिया और उनके साथ बदतमीजी व धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने उतरी ‘चेतक’ टीम से भी बदसलूकी
जिस समय यह हंगामा चल रहा था, वहीं से गलतागेट थाने की पुलिस गश्ती गाड़ी (चेतक) गुजर रही थी। सड़क पर आरएसी जवानों के साथ हो रही धक्का-मुक्की को देख चेतक में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत बीच-बचाव करने पहुंचे। लेकिन उग्र हो रही भीड़ ने मर्यादा भूलकर बीच-बचाव कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ भी जमकर अभद्रता और बदतमीजी की।
वीडियो फुटेज से होगी आरोपियों की पहचान
हंगामा बढ़ता देख गलतागेट थाना पुलिस के अतिरिक्त जवानों ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया और सूझबूझ से काम लेते हुए भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को पूरी तरह काबू में किया। पुलिस टीम ने इस पूरी घटना और झड़प का वीडियो बना लिया है।
गलतागेट थाना प्रभारी के अनुसार, अत्यधिक भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में अक्सर इस तरह की कहासुनी की स्थिति बन जाती है। फिलहाल पुलिस वीडियो साक्ष्यों के आधार पर राजकार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने वाले युवकों की पहचान कर रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















