संगठन सृजन अभियान को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू

0
43

जयपुर। संगठन सृजन अभियान के तहत चुने गए राजस्थान कांग्रेस के 50 और दिल्ली कांग्रेस के 15 जिला अध्यक्षों का संयुक्त 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को अजमेर जिले के पुष्कर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर 1 जून तक चलेगा।
इस शिविर में जिला अध्यक्षों को पार्टी की रीति-नीति, संगठनात्मक संस्कृति, कांग्रेस का इतिहास, देश के नव निर्माण में योगदान तथा संगठन संचालन के गुर सिखाए जाएंगे। साथ ही आगामी निकाय और पंचायत चुनावों में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए रणनीतिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

जानकारी के अनसुार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सभी जिला अध्यक्ष पुष्कर पहुंचे, जहां 2 बजे रिपोर्टिंग प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पहला सत्र दोपहर 3 बजे शुरू हुआ। पहले दिन के सत्र को सुखजिंदर सिंह रंधावा, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने संबोधित किया। तीनों नेताओं ने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और कांग्रेस के गठन से लेकर वर्तमान तक के इतिहास पर प्रकाश डाला।

इस शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग प्रमुख सचिन राव ने टेली प्रोजेक्टर के माध्यम से महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद और सरोजिनी नायडू जैसे महान नेताओं के भाषणों की वीडियो प्रस्तुत की। वहीं शिविर में अब अगले दिनों सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संगठन प्रबंधन, समसामयिक राजनीतिक मुद्दे, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति और विचारधारा पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे।

इसके अलावा शिविर के अंतिम दिन 1 जून को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दोनों नेता जिलाध्यक्षों को संगठन की रीति-नीति, अनुशासन और विचारधारा पर मार्गदर्शन देंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने बताया कि यह पहली बार है जब जिलाध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय विस्तृत प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले केवल 2–3 दिन के प्रशिक्षण शिविर होते थे।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद जिलाध्यक्षों को ब्लॉक, मंडल और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके।

पीसीसी उपाध्यक्ष नसीम अख्तर ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान एक दिन सभी जिलाध्यक्ष आसपास के गांवों में जाकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे और रात्रि विश्राम भी वहीं करेंगे।
इसके अलावा मनरेगा कार्यों का निरीक्षण, सफाई अभियान में श्रमदान तथा आत्मनिर्भरता का संदेश देने के लिए जिलाध्यक्ष स्वयं अपने कार्य करेंगे—जैसे भोजन की प्लेट खुद धोना और सत्र कक्ष में जमीन पर बैठकर प्रशिक्षण लेना।

इस शिविर का उद्देश्य संगठन को वैचारिक, वैचारिक और जमीनी स्तर पर मजबूत करना तथा आगामी चुनावों में प्रभावी रणनीति तैयार करना बताया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here