अहिंसा और शाकाहार के प्रचार के लिए सजेगी 12 दिवसीय धार्मिक यात्रा

0
55
A 12-day religious procession will be organized to promote non-violence and vegetarianism.
A 12-day religious procession will be organized to promote non-violence and vegetarianism.

जयपुर। भगवान महावीर के सिद्धांतों, अहिंसा और शाकाहार के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस वर्ष भी श्री दिगंबर जैन पद यात्रा संघ, जयपुर के तत्वावधान में 12 दिवसीय भव्य धार्मिक बस यात्रा का आयोजन होने जा रहा है। 17 से 28 जून 2026 तक आयोजित होने वाली इस विशेष यात्रा के बहुरंगीय पोस्टर का भव्य विमोचन जनता कॉलोनी स्थित दिगंबर जैन मंदिर में किया गया। पोस्टर विमोचन सुप्रसिद्ध दिगंबर जैन आचार्य सुंदर सागर महाराज एवं आचार्य शशांक सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आयोजित धर्मसभा के दौरान संपन्न हुआ।

वर्ष 1986 में स्थापित श्री दिगंबर जैन पद यात्रा संघ पिछले कई दशकों से धार्मिक यात्राओं के माध्यम से जैन संस्कृति की रक्षा और धर्म प्रभावना के कार्य में समर्पित है। इस अवसर पर संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने आचार्य संघ को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। संरक्षक सुभाष चंद जैन ने बताया कि यह 12 दिवसीय यात्रा मात्र एक भ्रमण नहीं, बल्कि भक्ति, साधना, तीर्थ दर्शन और आत्मिक उन्नति का एक अनुपम संगम होगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान महावीर के मूल सिद्धांतों और शाकाहारी जीवन शैली का प्रचार-प्रसार करना है।

संघ के संयोजक सूर्य प्रकाश छाबड़ा ने बताया कि 12 दिनों की इस साधना यात्रा के दौरान विभिन्न तीर्थों पर भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, सामूहिक पूजा-अर्चना और भावपूर्ण पर्वत वंदना की जाएगी। इसके साथ ही मार्ग में और तीर्थों पर विराजमान दिगंबर जैन साधु-संतों के दर्शन और उनके मंगल प्रवचनों का लाभ भी तीर्थयात्रियों को मिलेगा।

पोस्टर विमोचन के इस मांगलिक अवसर पर संघ के मुख्य संयोजक सुरेश ठोलिया, संयोजक सूर्य प्रकाश छाबड़ा, अमरचंद दीवान खोराबीसल, सुनील चौधरी, मैना गंगवाल, मनीष लुहाड़िया, राजेंद्र जैन, जिनेन्द्र जैन सहित कार्यकारिणी के अनेक सदस्य और बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here