जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भ्रष्टाचार, अतिक्रमण और अनियमितताओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस एवं सुशासन के विजन के तहत जयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने बगरू क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया, वहीं 10 बी स्कीम और पद्मावती कॉलोनी में रोड सीमा पर किए गए अवैध निर्माण हटाए गए।
उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-11 क्षेत्र के ग्राम बगरू, तहसील सांगानेर स्थित खसरा नंबर 4367 की करीब 0.4 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध कब्जा किया गया था। मामले में अतिक्रमण कर्ताओं को जेडीए एक्ट की धारा 72 के तहत नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे।
नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर जोन-11 के राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ की निशानदेही पर प्रवर्तन दस्ते ने मजदूरों की सहायता से अवैध निर्माण हटवाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
उन्होंने बताया कि जोन-05(सी) क्षेत्र में 10 बी स्कीम के प्लॉट नंबर 395, 396, 397 और 399 के सामने रोड सीमा पर चबूतरे बनाकर अतिक्रमण किया गया था। संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी मशीन और मजदूरों की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कर रोड सीमा को अतिक्रमण मुक्त करवाया।
इसी तरह 10 बी स्कीम के प्लॉट नंबर 360 के सामने चबूतरा बनाकर लोहे की जालियां लगाकर किए गए कब्जे को भी हटाया गया। प्रवर्तन दस्ते ने पद्मावती कॉलोनी क्षेत्र में रोड सीमा पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को भी हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।
यह कार्रवाई मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी के पर्यवेक्षण में उपनियंत्रक प्रवर्तन-प्रथम, चतुर्थ, प्रवर्तन अधिकारी जोन-11 एवं सी-05 तथा जेडीए के राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ की मौजूदगी में की गई।
जेडीए ने आमजन से अवैध निर्माण, कब्जा और अतिक्रमण की शिकायतें कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 0141-2565800, 0141-2575252, 0141-2575151, हेल्पलाइन 181, राजस्थान संपर्क पोर्टल और ई-मेल के माध्यम से दर्ज कराने की अपील की है, ताकि अतिक्रमण विरोधी अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।



















