यूपी से जयपुर आकर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार

0
19

जयपुर। आमेर थाना पुलिस ने घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वासम उर्फ वसीम (37) और शमशेर अली (25) को गिरफ्तार किया है। दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।

डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि 18 अगस्त को आमेर थाना क्षेत्र के एक मकान में दोपहर करीब 2 बजे चार बदमाश घुसे थे। बदमाश करीब 300 ग्राम सोने की चूड़ियां, 300 ग्राम अन्य सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी की पायल, झुमकी, मंगलसूत्र, चांदी के सिक्के व अन्य जेवरात तथा करीब 20 हजार रुपए चोरी कर ले गए थे। मामले में 21 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज हुई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले वसीम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने शमशेर अली के साथ वारदात करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस टीम करीब 900 किलोमीटर दूर वाराणसी पहुंची और शमशेर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यूपी से जयपुर आकर किराए के मकान में रहते थे।

फेरीवाला बनकर कपड़े, साड़ी और अन्य सामान बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते और मकानों की रेकी करते थे। बाहर से ताला लगे या सुनसान दिखने वाले मकानों को निशाना बनाकर मौका मिलते ही अंदर घुसकर नकदी और जेवरात चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और जयपुर समेत अन्य शहरों में की गई वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here