चौरड़िया उत्सव सोसाइटी में हर्षोल्लास से मनाया विजयादशमी पर्व, एकता और सौहार्द का दिया संदेश

0
75

जयपुर। भारत माता सर्किल के निकट मांग्यावास रोड, मानसरोवर स्थित चौरड़िया उत्सव सोसाइटी में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, विवाहित दंपतियों, युवाओं, बच्चों और मातृशक्ति सहित सोसाइटी के सभी आयु वर्ग के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान निवासियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे तथा एकजुटता का संदेश दिया।

पर्व के अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होने के साथ ही अहंकार, मनमुटाव और वैमनस्य जैसी नकारात्मक भावनाओं को त्यागने की प्रेरणा भी देती है। सभी को आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम, सम्मान, सहयोग और सद्भाव के साथ रहना चाहिए। सोसाइटी के निवासियों ने इस भावना को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता और सामूहिक एकता का परिचय दिया।

सोसाइटी की नवनियुक्त अध्यक्ष निधि उमरवाल, उपाध्यक्ष डिम्पल चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष नेहा त्रिपाठी और सचिव नरेश राजनी सहित कार्यकारिणी के सदस्यों ने कहा कि उत्सव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य सभी निवासियों को प्रेम, विश्वास और भाईचारे के सूत्र में बांधे रखना है। विजयादशमी हमें अहंकार और आपसी मनमुटाव त्यागकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सद्भाव और सहयोग की भावना विकसित करने की सीख देती है।

कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि ये आपसी संबंधों को मजबूत करने, दूरियां मिटाने और समाज में सकारात्मकता का संचार करने का माध्यम भी हैं। किसी भी आवासीय समुदाय की वास्तविक ताकत उसके निवासियों के बीच विश्वास, एकता, सहयोग और आत्मीयता में निहित होती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सोसाइटी के निवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। इस दौरान प्रहलाद माहेश्वरी और संदर्भ पालीवाल का विशेष योगदान रहा। सभी की सहभागिता से विजयादशमी का पर्व उल्लासपूर्ण और यादगार बन गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here