दो लग्जरी कारों की भिड़ंत में ई-रिक्शा सवार तीन मजदूर घायल

0
19

जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में रविवार देर रात तेज रफ्तार थार और एंडेवर की टक्कर के बाद ई-रिक्शा चपेट में आ गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन मजदूर घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के नीचे मुख्य रास्ते पर रात करीब 1:30 बजे हुआ।

हेड कांस्टेबल महेंद्र पाल ने बताया कि गुर्जर की थड़ी की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई और दूसरी ओर 200 फीट रोड की तरफ से आ रही एंडेवर से जा भिड़ी। इसी दौरान एंडेवर के पास से गुजर रहा ई-रिक्शा भी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा करीब 50 फीट दूर जा गिरा। दोनों लग्जरी वाहन भी सड़क पर पलट गए।

हादसे के बाद दोनों गाड़ियों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार चालकों की तलाश की जा रही है।

इस हादसे में घायल शंकर सिंह (50), मुकेश जावली (48), निवासी लक्ष्मणगढ़ जिला अलवर और उमाशंकर (48) निवासी जनता कॉलोनी आदर्श नगर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। कॉन्स्टेबल सरजीत के अनुसार तीनों मजदूर इलेक्ट्रिक ऑटो से एक पार्टी में आइसक्रीम सप्लाई कर लौट रहे थे।

मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के अनुसार हादसे में शामिल एंडेवर कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम से पंजीकृत है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस वाहन के खिलाफ पहले से ओवरस्पीड के 18 से अधिक चालान दर्ज हैं।

वहीं थार पर भी ओवरस्पीड के चार से अधिक चालान होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here