युवक पर लाठी-सरियों से जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
36

जयपुर। मुहाना मंडी परिसर में ट्रैक्टर को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर लाठी-सरियों से जानलेवा हमला करने के मामले में मुहाना थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक का एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने वारदात के बाद मंडी और आसपास के इलाके में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी को दबोचा। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि मुहाना मंडी परिसर में ट्रैक्टर को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर लाठी-सरियों से जानलेवा हमला करने के मामले में मुहाना थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी पिंटू बैरवा (32) निवासी सोप जिला टोंक हाल मुहाना मंडी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार पीड़ित मुकेश कुमार रैगर निवासी उनियारा जिला टोंक और आरोपी पिंटू बैरवा मुहाना मंडी में कैंटीन के सामने किराए के कमरे में रहते हैं। 28 अगस्त की रात मुकेश ट्रैक्टर लेकर कमरे पर पहुंचा था। इसी दौरान ट्रैक्टर को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

पीड़ित के भतीजे राजूलाल रेगर (32) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 29 अगस्त की रात करीब 1 बजे पिंटू बैरवा अपने 3-4 साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने मुकेश पर लाठी और लोहे के सरियों से हमला कर दिया।

इस हमले में मुकेश के सिर पर गंभीर चोट लगी और नाक व कान से काफी खून बहने लगा। आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में मुकेश को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

इस घटना के बाद मुहाना मंडी के व्यापारियों में रोष था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। वारदात के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान और आवाजाही का पता लगाने के लिए मुहाना मंडी तथा आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने फरार होने की फिराक में घूम रहे आरोपित पिंटू बैरवा को धर—दबोचा।

इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल कानसिंह, भंवर लाल, कांस्टेबल ओमप्रकाश, बहादुर, दामोदर, सचिन तथा तकनीकी शाखा जयपुर दक्षिण के हेड कांस्टेबल लोकेश और रामसिंह शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here