भीषण गर्मी में राहत अभियान: नगर निगम ने आमजन और बेजुबानों तक पहुंचाई ठंडक

0
49
The Municipal Corporation brought relief from the heat to the general public and voiceless creatures.
The Municipal Corporation brought relief from the heat to the general public and voiceless creatures.

जयपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर निगम जयपुर की ओर से आमजन एवं बेजुबान पशुओं को राहत पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर हिंगौनिया गौशाला सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी का छिड़काव एवं एंटी फोगिंग गन के माध्यम से शीतलता प्रदान करने की कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि नगर निगम की ओर से प्रमुख चौराहों, मार्गों और रेड लाइट सिग्नलों पर ग्रीन शेड भी लगाए गए हैं, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को तेज धूप से राहत मिल सके।

अभियान के तहत हिंगौनिया गौशाला में गायों एवं अन्य पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए विशेष रूप से पानी का छिड़काव किया गया। निगम की टीमों ने गौशाला परिसर में लगातार मॉनिटरिंग करते हुए पशुओं के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने के प्रयास किए।

वहीं शहर के रामबाग, नारायण सिंह सर्किल, किशनपोल बाजार, ट्रांसपोर्ट नगर, जनता कॉलोनी, सेठी कॉलोनी, अशोक नगर तथा एसएमएस अस्पताल के बाहर एंटी फोगिंग गन और पानी के छिड़काव के माध्यम से लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई गई।

नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसहयोग एवं गैर सरकारी संगठनों की मदद से श्वानों और पक्षियों के लिए पानी की टंकियां भी लगवाई गई हैं। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने कहा कि निगम केवल शहर की स्वच्छता ही नहीं, बल्कि नागरिकों एवं बेजुबान पशुओं की सुरक्षा और सुविधा के प्रति भी संवेदनशील है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए लगातार राहत कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को गर्म हवाओं और अत्यधिक तापमान से राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि हिंगौनिया गौशाला में पशुओं की देखभाल निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है और गर्मी के मौसम में विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निगम की टीमें आगामी दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों में राहत कार्य जारी रखेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here