दस हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर कर्मवीर गिरफ्तार

0
27

जयपुर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर कर्मवीर उर्फ कर्म सिंह को धौलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी झुंझुनू जिले के सूरजगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। उप महानिरीक्षक पुलिस राशि डोगरा डूडी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल के सुपरविजन में गठित टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी को धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सागर पाड़ा पुलिस चौकी के सामने घेराबंदी कर दबोचा।

पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी नागपुर से ग्वालियर होते हुए धौलपुर की ओर आ रहा है और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा है। तकनीकी विश्लेषण में एएसआई शंकर दयाल शर्मा और शशिकांत की अहम भूमिका रही।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कर्मवीर (37), निवासी किढ़वाणा, थाना सूरजगढ़, एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों में एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अपहरण, दुष्कर्म, लूट, चोरी, आगजनी और जानलेवा हमले जैसे मामले शामिल हैं।

आरोपी हाल ही में सूरजगढ़ थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था। पीड़ित दीपक मेघवाल ने रिपोर्ट दी थी कि अक्टूबर 2025 में आरोपी और उसके साथियों ने उसे जातिसूचक गालियां दीं, मारपीट की, अपहरण कर बंधक बनाया और जान से मारने की धमकी दी। इसी मामले में उस पर 10 हजार का इनाम घोषित था।

इस कार्रवाई में सीआईडी क्राइम ब्रांच और झुंझुनूं डीएसटी की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह, कांस्टेबल अमित सिहाग सहित अन्य जवानों का विशेष योगदान रहा। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सूरजगढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here