जयपुर। बिंदायका थाना क्षेत्र के सिरसी रोड स्थित निमेड़ा गांव में शनिवार अलसुबह बड़ा हादसा हो गया। टोरेंट सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें लदे 10 से अधिक सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस रिसाव की सूचना फैलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और गैस कंपनी की तकनीकी टीमों की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
थानाधिकारी विनोद वर्मा ने बताया कि सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरा ट्रेलर बिंदायका स्थित पंप से भांकरोटा की ओर जा रहा था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे निमेड़ा गांव के पास चालक को अचानक झपकी आने से ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे पोल से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर पलटते ही कई सिलेंडरों से तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस की गंध फैलने पर आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि गैस रिसाव के बावजूद किसी प्रकार की आग नहीं लगी।
घटना की सूचना मिलते ही बिंदायका फायर स्टेशन से तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। साथ ही टोरेंट गैस कंपनी के तकनीकी अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर रिसाव वाले सिलेंडरों को आबादी क्षेत्र से दूर किया गया। बाद में क्रेन की सहायता से ट्रेलर को सीधा करवाया गया और तकनीकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम डॉ. खुशबू शर्मा और थानाधिकारी विनोद वर्मा मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में आमजन की आवाजाही रोक दी तथा यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया। स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया। पुलिस के अनुसार समय रहते गैस रिसाव पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। मामले की जांच की जा रही है।



















