चार राज्यों में चोरी की वारदात करने वाला शातिर नकबजन चढा पुलिस के हत्थे

0
35

जयपुर। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लूट, डकैती, चोरी, हत्या और आर्म्स एक्ट सहित 29 संगीन मामलों में आरोपित शाहरुख उर्फ शरीफ को दिल्ली की तिहाड़ जेल से बी— वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी मुरलीपुरा थाना क्षेत्र के चार नकबजनी मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 28 दिसंबर 2025 को मुरलीपुरा निवासी सज्जन अग्रवाल परिवार सहित गांव गए हुए थे। 1 जनवरी 2026 को लौटने पर घर के अंदर के कमरों के ताले और कुंदे टूटे मिले तथा अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी मिले। इस संबंध में मुरलीपुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त आलोक कुमार के निर्देशन में थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान इस गैंग से जुड़े फैजल और अलादीन खान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इधर मुख्य आरोपी शाहरुख उर्फ शरीफ की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह दिल्ली के एक नकबजनी मामले में गिरफ्तार होकर तिहाड़ जेल में बंद है।

इसके बाद मुरलीपुरा पुलिस ने न्यायालय से बी-वारंट प्राप्त कर आरोपी को जयपुर लाकर पूछताछ की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर शाहरुख उर्फ शरीफ (30) निवासी मुरादाबाद,उत्तर प्रदेश तथा हाल दिल्ली गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी, हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस पूछताछ में जयपुर शहर की अन्य नकबजनी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है तथा चोरी किए गए जेवरात की बरामदगी की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here